राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी हंगामे के बीच सरकार की उपलब्धियों, देश की आर्थिक प्रगति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत होती छवि का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में देश जिन हालातों में था, उन्हें सुधारने के लिए उनकी सरकार को लगातार कड़ी मेहनत करनी पड़ी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार शाम करीब पांच बजे राज्यसभा पहुंचे। इससे एक दिन पहले लोकसभा में भारी हंगामे के चलते वे अपना वक्तव्य नहीं रख पाए थे। राज्यसभा में जैसे ही उन्होंने बोलना शुरू किया, विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
नारेबाजी के बीच प्रधानमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी उम्र अधिक है, इसलिए वे बैठकर नारे लगा सकते हैं। इसके बावजूद विपक्षी सांसद कुछ समय तक लगातार हंगामा करते रहे।
बाद में विपक्षी सांसद सदन से वॉकआउट कर गए। इस पर प्रधानमंत्री ने टिप्पणी करते हुए कहा कि वे थक गए और सदन छोड़कर चले गए। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सदन में अपना संबोधन जारी रखा।#RajyaSabha #PMModiSpeech #ParliamentNews #OppositionWalkout #IndianPolitics #PresidentAddress #Sansad