जद्दूपट्टी, सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में ऑपरेशन के बाद करीब 30 मरीजों की आंखों में संक्रमण के मामले ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। प्रारंभिक जांच और विशेषज्ञों की राय के आधार पर इस संक्रमण के पीछे सूडोमोनास बैक्टीरिया की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम इस बिंदु को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि, अब तक न तो संक्रमित मरीजों की आंखों से लिए गए नमूनों का और न ही ऑपरेशन थियेटर (OT) से संबंधित किसी नमूने का कल्चर टेस्ट कराया गया है।
नेत्र रोग विशेषज्ञों का कहना है कि मरीजों की आंखों में जिस प्रकार का संक्रमण पाया गया है, उससे सूडोमोनास बैक्टीरिया की संभावना काफी प्रबल हो जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह बैक्टीरिया विशेष रूप से अस्वच्छ ऑपरेशन थियेटर, संक्रमित उपकरणों या दवाओं के माध्यम से आंखों तक पहुंच सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को एडिशनल सीएमओ डॉ. ए.के. चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम अस्पताल पहुंची। इस टीम में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रामयश यादव, जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुबोध कुमार और उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. जे.पी. तिवारी शामिल थे। इस टीम का गठन सीएमओ डॉ. राजेश झा द्वारा किया गया है। टीम को 10 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
🔍 ओटी का ताला खुलवाकर की गई गहन जांच
जांच टीम ने अस्पताल पहुंचकर संचालक से ऑपरेशन थियेटर का ताला खुलवाया और मौके पर गहन निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल से संबंधित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज, मरीजों का रिकॉर्ड, अस्पताल का पंजीकरण प्रमाण पत्र, डॉक्टरों व स्टाफ की डिग्रियां और उनके बयान दर्ज किए गए।
इसके अलावा ऑपरेशन के दौरान इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन और दवाओं के नमूने भी एकत्र किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।#EyeInfection #HospitalNegligence #Pseudomonas #HealthDepartment #MedicalInvestigation #Sikriganj #PatientSafety #EyeSurgery