गोवा पुलिस ने राज्य के समुद्र तटों पर पर्यटकों की निजता की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। लगातार मिल रही शिकायतों और सोशल मीडिया पर सामने आ रहे मामलों के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी पर्यटक की बिना सहमति फोटो खींचने या जबरन सेल्फी लेने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के समय में ऐसे कई मामले सामने आए, जिनमें घरेलू पर्यटकों द्वारा विदेशी पर्यटकों, खासकर महिलाओं की बिना अनुमति तस्वीरें ली गईं या जबरन सेल्फी लेने की कोशिश की गई। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष अभियान शुरू करते हुए चेतावनी दी है कि दोषी पाए जाने वालों को मौके पर ही हिरासत में लिया जा सकता है।
पुलिस का कहना है कि यह कदम पर्यटकों की सुरक्षा, गरिमा और निजता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि लोकप्रिय बीच इलाकों में गश्त बढ़ाई गई है और निगरानी व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
दरअसल, हाल ही में कई ऐसी घटनाएं सामने आईं, जिनमें विदेशी पर्यटकों को परेशान किया गया। एक मामले में कुछ पर्यटकों ने एक विदेशी महिला के साथ जबरदस्ती फोटो खींचने और अनुचित व्यवहार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति बिना अनुमति फोटो खींचते या जबरन सेल्फी लेते पाया जाता है, तो उसे निवारक हिरासत में लिया जा सकता है और मोबाइल फोन भी जब्त किया जा सकता है।
#GoaPolice #TouristSafety #BeachRules #PrivacyLaw #GoaNews #TravelSafety #WomenSafety #IndiaNews