बगहा अनुमंडल के प्रखंड बगहा दो में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का मार्ग अब साफ होता नजर आ रहा है। इस दिशा में शिक्षा विभाग ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कुछ माह पूर्व जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार ने बगहा दो में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग उठाई थी, जिस पर अब विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है।
सांसद की मांग के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बगहा दो के अंचलाधिकारी को पत्र जारी कर केंद्रीय विद्यालय के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय की स्थापना के लिए लगभग 2.5 एकड़ सरकारी भूमि की आवश्यकता होगी, जिसकी शीघ्र पहचान कर विस्तृत रिपोर्ट विभाग को सौंपनी है।
इस संबंध में बगहा दो के अंचलाधिकारी वसीम अकरम ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी का पत्र प्राप्त हो चुका है और उसके अनुरूप भूमि खोज की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संभावित स्थलों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है, ताकि केंद्रीय विद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुरूप जमीन का चयन किया जा सके।
अंचलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जैसे ही उपयुक्त भूमि चिन्हित होती है, उससे संबंधित पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी, ताकि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।#BagahaNews #KendriyaVidyalaya #EducationNews #BiharEducation #ValmikinagarMP #SchoolInfrastructure #BagahaTwo #GovernmentSchool