नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र में मामूरा कार मार्केट के निकट कूड़ा निस्तारण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक सफाईकर्मी ने आरोप लगाया है कि कूड़ा पलटने के दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और समूह बनाकर पत्थरबाजी की।
पीड़ित की शिकायत पर फेज-3 थाने में एक नामजद व्यक्ति और उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से जुड़ा करीब छह सेकेंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कुछ लोग हाथों में डंडे लिए दौड़ते और पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
बुलंदशहर जिले के रसूलगढ़ गांव निवासी मनोज कुमार नोएडा प्राधिकरण में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। वह रोज की तरह बुधवार सुबह करीब नौ बजे सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव के पास कार मार्केट क्षेत्र में कूड़ा एकत्रित करने पहुंचे थे। आरोप है कि जब वह एकत्रित कूड़े को निर्धारित स्थान पर पलट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए उनके साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अन्य साथियों को बुला लिया और सामूहिक रूप से पत्थरबाजी की। घटना के दौरान वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सत्यता और अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।#NoidaNews #Phase3 #Mamura #StonePelting #SanitationWorker #ViralVideo #CrimeUpdate #NoidaPolice