बहराइच-खलीलाबाद रेल परियोजना में तेजी की मांग, दद्दन मिश्रा ने रेल मंत्री से की मुलाकात

नई रेललाइन परियोजना को गति देने के उद्देश्य से पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की। इस दौरान उन्होंने बहराइच-खलीलाबाद रेल लाइन परियोजना की वर्तमान स्थिति से संबंधित पत्र सौंपते हुए कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।

पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि परियोजना के अंतर्गत आने वाले श्रावस्ती, बलरामपुर और बहराइच जिलों में कार्य अपेक्षित रफ्तार से नहीं चल रहा है। विशेष रूप से श्रावस्ती और बलरामपुर जिले की उतरौला तहसील आज भी रेल संपर्क से वंचित है, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

बहराइच-खलीलाबाद रेल लाइन (वाया भिनगा-श्रावस्ती-बलरामपुर-उतरौला-डुमरियागंज) लगभग 4090 करोड़ रुपये की लागत वाली महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसका शिलान्यास 2 मार्च 2019 को तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल द्वारा किया गया था।

हालांकि परियोजना का कार्य आरंभ हुआ, लेकिन प्रगति की धीमी गति के कारण क्षेत्र के लोगों में निराशा व्याप्त है। पूर्व सांसद ने रेल मंत्री से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि इस बहुप्रतीक्षित रेललाइन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से न केवल क्षेत्रीय संपर्क सुदृढ़ होगा, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।#RailwayProject #Bahraich #Khalilabad #Shravasti #Balrampur #Utraula #IndianRailways #InfrastructureDevelopment

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें