रणवीर सिंह के बाद आयुष शर्मा को धमकी भरा ईमेल, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का दावा

बॉलीवुड इंडस्ट्री में सितारों को मिल रही धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी और अभिनेता रणवीर सिंह को कथित रूप से व्हाट्सएप वॉइस नोट के जरिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की घटना के बाद अब अभिनेता आयुष शर्मा को भी धमकी मिलने की खबर सामने आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान के जीजा और फिल्म ‘लवयात्री’ से अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले आयुष शर्मा को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है। बताया जा रहा है कि ईमेल भेजने वाले ने स्वयं को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है।

एक राष्ट्रीय दैनिक की रिपोर्ट के मुताबिक, ईमेल में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, इस मामले में आयुष शर्मा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए ईमेल के स्रोत और प्रेषक की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है।

पिछले कुछ समय से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई नामचीन चेहरों को धमकी भरे संदेश मिलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था और संगठित अपराध के नेटवर्क को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आधिकारिक पुष्टि या कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
#AyushSharma #BollywoodNews #LawrenceBishnoi #MumbaiPolice #ThreatEmail #RanveerSingh #RohitShetty #EntertainmentNews

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें