नवी मुंबई: शादी के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक सनसनीखेज ठगी और यौन शोषण का मामला सामने आया है, जहां पुलिस की अपराध शाखा ने एक ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो खुद को ISRO का वैज्ञानिक और लोक निर्माण विभाग (PWD) का अधिकारी बताकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय आदर्श प्रशांत म्हात्रे के रूप में हुई है, जो अलीबाग का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से वैवाहिक वेबसाइटों के जरिए उच्च शिक्षित महिलाओं—जिनमें इंजीनियर और डॉक्टर भी शामिल हैं—को निशाना बना रहा था।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए एक-दो नहीं बल्कि दर्जन भर से अधिक फर्जी नामों का इस्तेमाल किया। इनमें स्वप्निल वारुले, नहुष म्हात्रे, तनमय म्हात्रे, जयेश नाइक, जयेश पाटिल, रुद्रेश गोवेकर, हेमंत गायकवाड़, रुद्रेश गोधली, जयेश सोनवाने, आदित्य म्हात्रे, हेमंत गोंधली और जय पाटिल जैसे नाम शामिल हैं।

आरोपी इन फर्जी पहचान के जरिए महिलाओं से संपर्क करता, खुद को सरकारी अधिकारी या वैज्ञानिक बताकर भरोसा जीतता और फिर शादी का झांसा देकर उनका यौन शोषण करता था। इतना ही नहीं, आरोपी ने कई महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी भी की है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे गिरोह में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है।

यह मामला ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म्स के जरिए होने वाले अपराधों को लेकर एक बड़ी चेतावनी के रूप में सामने आया है, जिसमें सतर्कता और पहचान की पुष्टि बेहद जरूरी हो जाती है।#NaviMumbai #CrimeNews #ISROFraud #MarriageScam #OnlineFraud #PoliceAction

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें