बठिंडा जिले के गांव घसोखाना में पड़ोसियों से हुए विवाद के बाद एक युवक ने श्मशान घाट में जाकर खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद गांव में शोक और हैरानी का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव निवासी सुखदेव सिंह (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका किसी बात को लेकर पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया था।
विवाद के कुछ समय बाद वह घर से निकल गया था। थाना कोटफत्ता के प्रभारी जगदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुखदेव सिंह का पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद वह घर से बाहर चला गया।देर शाम गांव के लोगों को सूचना मिली कि श्मशान घाट में एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो पता चला कि वह सुखदेव सिंह है।पुलिस ने दर्ज किए बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो पाएगी। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुखदेव सिंह शांत स्वभाव का व्यक्ति था और इस तरह की घटना से सभी लोग स्तब्ध हैं। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।