मध्य प्रदेश के इटारसी में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। न्यास कॉलोनी की ओझा बस्ती में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात ट्राली हटाने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित सहित तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
घटना के बाद आक्रोशित स्वजन थाने पहुंच गए और जमकर हंगामा करते हुए अन्य लोगों को भी आरोपित बनाने की मांग की। काफी देर तक चले विवाद और पुलिस की समझाइश के बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
ट्राली हटाने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार भाट मोहल्ला निवासी जयदीप उर्फ बंटा भाट शनिवार रात अपनी मुंहबोली बहन के घर ओझा बस्ती आया था। उसकी बहन मकान खाली कर दूसरी जगह जा रही थी, इसलिए घर का सामान ट्राली में रखा जा रहा था।रात करीब डेढ़ बजे आरोपित मनोज ठाकुर वहां पहुंचा और सड़क पर खड़ी ट्राली हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हुई, लेकिन मामला बढ़ने पर मनोज और उसके साथियों ने जयदीप को रेलवे लाइन के पास स्थित मंदिर के पास ले जाकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।मदद के लिए पुकारता रहा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान इलाके में चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दे रही थीं। गंभीर रूप से घायल जयदीप अपनी जान बचाने के लिए मदद मांगता रहा, लेकिन डर के कारण आसपास के लोग घरों से बाहर नहीं निकले।
जेब में रखे नोट भी कट गए
परिजनों के मुताबिक जयदीप ट्रेनों में अखबार बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनका दावा है कि हमलावरों ने उस पर इतने वार किए कि उसकी जेब में रखे नोट भी चाकुओं से कट गए। परिवार का कहना है कि उसके शरीर पर 100 से अधिक घाव हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।