स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब व क्लीनिक के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी की। शहर के सदर बाजार में एक और शाहपुर कस्बा में पांच लैब पर सील लगा दी गई। वहीं कुछ संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। छापेमारी के दौरान लैब संचालक के साथ नोकझोंक भी हुई।
शाहपुर में एसीएमओ डॉ. विपिन कुमार व सीएचसी प्रभारी डॉ. ओपी जायसवाल ने टीम के साथ पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे सेंटरों पर जांच की। यहां कई संस्थान बिना वैध अनुमति अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पांच पैथोलॉजी लैब व एक्स-रे सेंटर को सील कर दिया।इनमें कुमार पैथोलॉजी लैब, गौरी पैथोलॉजी लैब, सिंगल पैथोलॉजी लैब की लेब्रोरेट्री यूनिट, कृष्णा फिजियोथैरेपी क्लीनिक का एक्स-रे केंद्र, न्यू जीवन क्लीनिक इलेक्ट्रोपैथी सेंटर शाहपुर में स्थित एक्स-रे मशीन कक्ष शामिल हैं।
इसके अलावा न्यू हेल्थ केयर डायग्नोस्टिक, अहमद हॉस्पिटल शाहपुर, रायल पैथोलॉजी लैब व लाइफ लाइन हॉस्पिटल को नोटिस जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचते ही अवैध रूप से संचालित कई लैब एवं क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया। कुछ संचालक तो अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर भाग गए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य केंद्रों, चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।