मध्य प्रदेश के दमोह में रविवार को आयोजित एक वर-वधू परिचय सम्मेलन विवादों में घिर गया। जबलपुर नाका के पास एक निजी मैरिज गार्डन में राधिका फाउंडेशन सेवा समिति द्वारा आयोजित “सर्व हिंदू समाज वर-वधू परिचय सम्मेलन” में पहुंचे लोगों ने अव्यवस्था और कथित ठगी का आरोप लगाते हुए दमोह-जबलपुर हाईवे पर जाम लगा दिया।
सम्मेलन में पहुंचे लोगों का आरोप है कि उनसे 1100 रुपये पंजीयन शुल्क लिया गया, लेकिन कार्यक्रम में उन्हें कोई लड़की नहीं दिखाई गई। इससे नाराज होकर सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और दोपहर करीब तीन बजे मुख्य मार्ग पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।प्रदेशभर से पहुंचे थे हजारों लोग
रविवार सुबह से ही मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों लोग सम्मेलन में पहुंचे थे। शुरुआत से ही आयोजन स्थल पर अव्यवस्था की शिकायतें सामने आने लगीं। आरोप है कि लड़के पक्ष के लोगों को संभावित रिश्तों के लिए कोई जानकारी या मुलाकात का अवसर नहीं दिया गया।