नगर के पंचायत कछवां के जोगीपुर वार्ड निवासी भाईलाल के पुत्र करन को करीब चार माह पूर्व कुत्ते ने काट लिया था। शुक्रवार की रात उसे अचानक डर लगने लगा और सुबह होते-होते उसकी आवाज बदल गई। देखते ही देखते करन का यह वीडियो देश भर में वायरल होने लगा। इसके बाद से ही अलग अलग लोगों के बीच यह भयावह वीडियो वायरल होने के बाद से रेबीज के खतरों पर एक बार फिर से चर्चा शुरू हो गई है। परिजनों ने बताया कि वह अचानक कुत्तों के भौंकने जैसी हरकत करने लगा। यह देखकर उसके पिता डर गए और भूत-प्रेत का साया उसके ऊपर आने की आशंका में हनुमान मंदिर ले गए। पूजा पाठ कराया, फिर भी बालक की हालत में सुधार नहीं हुआ तो तत्काल सीएचसी कछवां पहुंचे। जहां डाक्टर ने बताया कि बालक को रैबीज का असर हुआ है। उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।स्वजन ने बताया कि बालक चार माह पूर्व अपने ननिहाल वाराणसी के हरहुआ गांव गया था। जहां उसे कुत्ते ने काट लिया था। उसको रैबीज का एक इंजेक्शन निजी चिकित्सालय तो दूसरा सीएचसी कछवां में लगवाया गया था। तीसरा व चौथा इंजेक्शन नहीं लग पाया था। माना जा रहा है कि पूरा इलाज नहीं होने की वजह से ही शरीर में रेबीज का संक्रमण हो गया और उसकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद से ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि शुक्रवार की रात करन के सिर में अचानक तेज दर्ज होने लगा। बताया कि उसे बहुत डर लग रहा है। कुछ देर बाद वह अजीब सी हरकत करने लगा और फिर कुत्तों के भौंकने जैसी हरकत करने लगा। उसके दिव्यांग पिता भाईलाल गोद में लेकर हनुमान मंदिर के बाद एंबुलेंस से कछवां सीएचसी ले गए। जहां पर डाक्टरों को कुत्ते के पूर्व में काटने की जानकारी मिली थी। इसके बाद डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
मीरजापुर में अचानक भौंकने लगा बच्चा, कुत्ता काटने के चार माह बाद दिखा रेबीज का संक्रमण, वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर