जम्मू में कामर्शियल गैस सिलिंडरों की किल्लत से राहत, आज सोमवार से शुरू होगी सप्लाई

जम्मू में पिछले कई दिनों से कामर्शियल गैस सिलिंडरों की किल्लत से जूझ रहे ढाबा, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। गैस कंपनियों ने गैस एजेंसियों को जानकारी दी है कि सोमवार से कामर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई फिर से शुरू की जाएगी।

शुरुआत में एजेंसियों को उनके दैनिक कोटे का लगभग 20 प्रतिशत सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। कंपनियों का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह के भीतर सप्लाई को धीरे-धीरे बढ़ाकर पहले की तरह सामान्य कर दिया जाएगा। जम्मू जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों को इस संबंध में सूचना दे दी गई है।वहीं, घरेलू गैस सिलिंडरों की सप्लाई को लेकर स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि जिले की सभी गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलिंडर का स्टाक पहुंचा दिया गया है, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई

एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि घरेलू गैस सिलिंडरों का वितरण सरकार द्वारा तय नियमों के अनुसार ही किया जाए। उपभोक्ताओं को सिलिंडर लेने के लिए उनके मोबाइल फोन पर ओटीपी आना जरूरी होगा और गैस कापी में उसकी विधिवत एंट्री भी करनी होगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी एजेंसी द्वारा इन नियमों का उल्लंघन किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उधर, कामर्शियल गैस की कमी का असर शहर के कई ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंटों में साफ दिखाई दिया। पिछले कई दिनों से कामर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई बाधित होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, घरेलू सिलिंडरों के वितरण में नियमों की सख्ती के चलते उन्हें अस्थायी राहत भी नहीं मिल पाई। अब सोमवार से सप्लाई शुरू होने के बाद कारोबारियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

रविवार को भी खुली रहीं गैस एजेंसियां, सामान्य रहा माहौल

जम्मू में गैस सिलिंडरों की मांग को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर रविवार को भी अधिकांश गैस एजेंसियां खुली रहीं। प्रशासन का उद्देश्य उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना और किसी तरह की अफरातफरी की स्थिति को रोकना था। हालांकि, बीते कुछ दिनों की तुलना में रविवार को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को नहीं मिलीं और स्थिति काफी हद तक सामान्य रही।

लोग सामान्य दिनों की तरह अपनी गैस कापी लेकर एजेंसियों पर पहुंचे और निर्धारित नियमों के अनुसार सिलिंडर प्राप्त किए। सरकार द्वारा तय किए गए नियमों के तहत उपभोक्ताओं को दूसरा घरेलू गैस सिलिंडर केवल 25 दिन के अंतराल के बाद ही दिया जा रहा है।

इस व्यवस्था के कारण गैस की अनावश्यक खरीद पर रोक लगी है और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचाने में मदद मिल रही है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सिलिंडरों का वितरण किया जा रहा है, ताकि किसी भी उपभोक्ता के साथ भेदभाव न हो और सभी को निर्धारित नियमों के तहत गैस उपलब्ध हो सके।

एफसीएससीए के दो अधिकारी बनाए गए नोडल अधिकारी

जम्मू जिले में यदि किसी उपभोक्ता को गैस सिलिंडर प्राप्त करने में परेशानी होती है तो वह खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग (एफसीएससीए) में शिकायत दर्ज करवा सकता है। अतिरिक्त जिला आयुक्त जम्मू (कानून एंव व्यवस्था) अनसूया जम्वाल ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के तुरंत समाधान के लिए विभाग के दो अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि असिस्टेंट डायरेक्टर, संतोष कुमार और असिस्टेंट डायरेक्टर, हारून को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये दोनों अधिकारी गैस एजेंसियों से संबंधित शिकायतों की निगरानी करेंगे और यदि किसी एजेंसी के खिलाफ मिली शिकायत सही पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। जिला आयुक्त जम्मू स्वयं भी पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं और समय-समय पर संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट ले रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें