बुजुर्ग आढ़ती को मुर्गा बनाने के बाद पैरों पर माथा रखवाये जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। रविवार को अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के कार्यकर्ताओं ने सीओ कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। बुजुर्ग आढ़ती से अमानवीयता के बाद उचित कार्रवाई न करने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पुवायां के गांव नाहिल में पांच मार्च को जलालाबाद निवासी युवक नाहिल गांव निवासी अपनी रिश्तेदारी में नाहिल गांव में आया था। उसने नशे में दूसरे सवर्णों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करनी शुरू कर दी। पिता मनोज मिश्रा से मारपीट के बाद उनके बेटे विवेक मिश्रा ने प्राथमिकी पंजीकृत कराई थी।पुलिस ने उन्हें पकड़कर हवालात में बंद कर दिया। इसी दौरान आरोपितों के करीबी बुजुर्ग आढ़ती उन्हे रात में खाना देने थाने आए थे। इसी बात की जानकारी होने पर दूसरे पक्ष के लोग उनसे रंजिश मानने लगे। 10 मार्च को वह कस्बे में आढ़त पर बैठे थे। तभी दूसरे पक्ष के लोग जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर गांव ले गए।आरोपितों ने उनकी पिटाई करने के बाद सड़क पर मुर्गा बनाकर अपने पैरों में माथा रगड़वाया और मदद करने वाले अन्य लोगों के साथ इस तरीके का कृत्य करने की धमकी दी। 13 मार्च को इस प्रकरण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। बुजुर्ग आढ़ती को कोतवाली ले जाया गया।
आरोप है कि पुलिस ने बुजुर्ग आढ़ती को कोतवाली में बने एक कमरे में मनमानी तरीके से तहरीर लिखवाकर प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने अमित उर्फ छन्नू, विक्रम उर्फ विक्कू और विवेक मिश्रा को बुलाकर शांतिभंग में चालान कर खानापूर्ति कर दी।
रविवार दोपहर अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के तहसील अध्यक्ष कपिल गुप्ता के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ताओं ने बुजुर्ग आढ़ती के साथ हुई अमानवीयता के मामले में ठोस कार्रवाई न होने के विरोध में सीओ कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया।