मध्य प्रदेश में दर्ज यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम) के एक मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने बिहार के मधुबनी जिले में कार्रवाई करते हुए मौलाना इजहार काशमी को हिरासत में लिया है।
सोमवार सुबह भोआड़ा स्थित एक मस्जिद से उन्हें संयुक्त अभियान के दौरान उठाया गया। फिलहाल विभिन्न एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में मध्य प्रदेश पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम शामिल रही। बताया जा रहा है कि मौलाना इजहार काशमी के खिलाफ मध्य प्रदेश में यूएपीए के तहत मामला दर्ज है, जिसके सिलसिले में यह कार्रवाई की गई।
हिरासत में लेकर शुरू हुई पूछताछ
सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार सुबह भोआड़ा स्थित मस्जिद पहुंचकर मौलाना को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल एजेंसियों ने मामले के संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट में होगी पेशी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पूछताछ के बाद दोपहर तक उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें अपने साथ ले जाया जा सके।जांच एजेंसियां जुटा रहीं तथ्य
मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच अभी जारी है। सुरक्षा एजेंसियां उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही हैं। आधिकारिक पुष्टि के बाद मामले में और जानकारियां सामने आने की संभावना है।


