ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्री नागनी माता मंदिर कंडवाल में मोबाइल नेटवर्क सिग्नल की कमी से श्रद्धालु और स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थिति यह है कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में किसी भी मोबाइल संचार कंपनी का सिग्नल उपलब्ध नहीं होता, जिससे लोगों के मोबाइल फोन केवल शोपीस बनकर रह जाते हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग कंडवाल से आगे बढ़ते ही नेटवर्क पूरी तरह गायब हो जाता है। ऐसे में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, यात्रियों और स्थानीय निवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। खासकर आपात स्थिति में यह समस्या और गंभीर रूप ले लेती है।
कंडवाल पंचायत के प्रधान थूडू राम, उपप्रधान रविंद्र सिंह, मंदिर कमेटी प्रधान हरी सिंह, बरंडा पंचायत के पूर्व प्रधान संजीव जरियाल, मास्टर देस राज, डॉ. दीवान सिंह, गोल्डी पठानिया ने बताया कि नागनी माता मंदिर कंडवाल एक ऐतिहासिक स्थल है, जहां वर्षभर उत्तर भारत से श्रद्धालु आते हैं।जुलाई-अगस्त के दौरान यहां नौ मेले आयोजित होते हैं, जो प्रत्येक शनिवार को लगते हैं और इनमें लाखों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं। ऐसे में नेटवर्क की अनुपस्थिति बड़ी परेशानी का कारण बन रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द मोबाइल टावर स्थापित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके।





