सेंट जाॅर्ज चर्च बिष्टुपुर: वार्षिक एजीएम में बजट पारित, अगले तीन साल के लिए चुने गए 5 नए प्रतिनिधि

 बिष्टुपुर स्थित सेंट जार्ज चर्च पेरिश की वार्षिक आम सभा (एजीएम) और चुनाव प्रक्रिया रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। 

चर्च में विशेष आराधना के बाद पेरिश चेयरमैन अरुण बरवा की अध्यक्षता में आम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 200 सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

सभा के दौरान पूर्व सचिव ने पेरिश में संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट पेश की। वहीं, पूर्व कोषाध्यक्ष द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट और ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। 

आम सभा में मुख्य रूप से पास्तरीय सेवकाई को सशक्त बनाने, पेरिश के विकास कार्यों को गति देने और चर्च के तीन प्रमुख संगठनों डब्ल्यूएफसीएस (WFCS), डीसीवाईएम (DCYM) यूथ्स और संडे स्कूल को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

त्रिवर्षीय कार्यकाल के लिए चुने गए 5 प्रतिनिधि

आम सभा के बाद पेरिश चुनाव की प्रक्रिया चीफ को-ऑर्डिनेटर ऑफ इलेक्शन जोय रुण्डा की देखरेख में पूरी हुई। इस चुनाव में कुल 590 वैध मत पड़े, जबकि दो मतों को अमान्य घोषित कर दिया गया। 

चुनावी मैदान में उतरे कुल 9 उम्मीदवारों में से 5 प्रतिनिधियों को कार्यकाल 2026-29 के लिए निर्वाचित घोषित किया गया। विजेता उम्मीदवारों में नयमनभिन्सेंट सोय को सबसे ज्यादा 420 वोट मिले। 

इसके अलावा सोसन कुजूर को 394, रिमोन बारला को 393, एरिक बानसिंग को 383 और रोशन टोप्पो को 360 मत प्राप्त हुए। इस पूरी चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अरुण बरवा, अनुकरण कलुण्डिया, मरकस मुर्मू समेत सभी 17 स्थानीय मंडलियों के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। 

कार्यक्रम के अंत में अंचल प्रकाश तिर्की ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जिसके बाद चेयरमैन अरुण बरवा ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए विशेष प्रार्थना की और आशीष वचन के साथ सभा का समापन हुआ।

Leave a Comment

शहर चुनें