नगर निगम गुरुग्राम ने जलापूर्ति और सीवरेज सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित कर दिया है। अत्याधुनिक वाटर मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से अब नए जल कनेक्शन, बिलिंग, मीटर रीडिंग, शिकायतों का निस्तारण, जीआईएस मैपिंग और अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध कार्रवाई जैसी सभी सेवाएं एकीकृत डिजिटल प्रणाली के जरिए संचालित की जा रही हैं।
इस नई व्यवस्था से नागरिकों को अधिकांश सेवाएं घर बैठे उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही जल वितरण प्रणाली की निगरानी, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया भी पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनी है।
डिजिटल वाटर मैनेजमेंट सिस्टम की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को नगर निगम गुरुग्राम में निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिस्टम के संचालन और उसके क्रियान्वयन की समीक्षा की गई तथा इसे और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका और रविंद्र यादव, मुख्य अभियंता विजय ढाका, मुख्य लेखा अधिकारी विजय सिंगला तथा कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।#Gurugram #WaterManagement #DigitalIndia #SmartCity #WaterSupply #Sewerage #MunicipalCorporation #GIS #OnlineServices #Haryana