पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में गुरुवार को नगर निगम ने कथित अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नदी के बांध पर बने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक कार्यालय को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 47 स्थित पंचनई नदी के बांध पर कथित रूप से कब्जा कर पार्टी कार्यालय का निर्माण किया गया था। नगर निगम के अधिकारियों ने गुरुवार सुबह से ही पुलिस सुरक्षा के बीच ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया और भवन को हटाया।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस निर्माण को लेकर 3 जुलाई को नोटिस जारी किया गया था। संबंधित पक्ष को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं निर्माण हटाने का अवसर दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई की गई।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दावा किया है कि यह कार्यालय करीब पांच वर्ष पहले बनाया गया था। भाजपा के अनुसार, निर्माण शुरू होने के समय उप मंडल अधिकारी (SDO) से इसकी शिकायत की गई थी, जिसके बाद कुछ समय के लिए निर्माण कार्य रोक दिया गया था। हालांकि, बाद में रातों-रात निर्माण पूरा कर लिया गया। भाजपा का यह भी आरोप है कि उस समय राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार थी और सिलीगुड़ी के तत्कालीन मेयर ने इस कार्यालय का उद्घाटन किया था।
फिलहाल नगर निगम की कार्रवाई और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।#Siliguri #WestBengal #TMC #BulldozerAction #Encroachment #MunicipalCorporation #BJP #BreakingNews #HindiNews #LatestNews


