संतकबीरनगर में सड़क हादसा: बाइक की टक्कर से घायल 75 वर्षीय किसान की मेडिकल कॉलेज में मौत

संतकबीरनगर। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर बनियाबारी स्थित अशर्फी धर्मशाला के पास हुए सड़क हादसे में घायल 75 वर्षीय बुजुर्ग किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार देर शाम बाइक की टक्कर में घायल किसान ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान महुली थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया निवासी कैलाश पाठक (75 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उनकी पत्नी रामवती करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके पक्ष के एक रिश्तेदार के घर बनियाबारी गई थीं।

बुधवार दोपहर करीब दो बजे कैलाश पाठक खेत में खाद डालने के बाद साइकिल से पत्नी का हालचाल लेने बनियाबारी पहुंचे थे। वहां रिश्तेदार के घर पहुंचने के बाद वह किसी काम से सड़क की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

महुली थाना प्रभारी दुर्गेश पांडे ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
#SantKabirNagar #RoadAccident #UPNews #CrimeNews #RoadSafety #HindiNews

Leave a Comment

शहर चुनें