नेपाल के चितवन जिले में भूस्खलन के कारण पिछले चार दिनों से बंद नारायणगढ़-मुगलिन सड़क मार्ग पर गुरुवार सुबह यातायात बहाल कर दिया गया। मार्ग खुलने के बाद भारतीय पर्यटकों सहित सैकड़ों यात्रियों ने राहत की सांस ली और दोनों तरफ फंसे वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो गई।
लगातार हो रही बारिश के चलते जलविरे समेत कई स्थानों पर पहाड़ों से मलबा गिरने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से सड़क पर वाहनों का संचालन रोक दिया गया था। इस वजह से भारतीय पर्यटकों समेत बड़ी संख्या में यात्री रास्ते में फंस गए थे।
चितवन जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया था। वहीं, सड़क डिवीजन भरतपुर की टीम ने जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की सहायता से लगातार मलबा हटाने का काम किया।
कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सड़क मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया। इसके बाद प्रशासन की निगरानी में दोनों ओर खड़े वाहनों को धीरे-धीरे रवाना किया गया। मार्ग खुलने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।#NepalNews #Chitwan #Landslide #NarayanMuglinRoad #IndiaNepal #TravelUpdate #RoadBlocked



