लखनऊ की बेटी नीलू ने संघर्ष, मेहनत और हौसले के दम पर सफलता की ऐसी कहानी लिखी है, जो प्रेरणा देने वाली है। आर्थिक तंगी के कारण बचपन में पिता को बेहतर इलाज नहीं मिल सका, लेकिन मां ने घरों में काम कर परिवार का सहारा बनाया और बेटी की पढ़ाई का सपना पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मां की मेहनत को नीलू ने अपनी सफलता से सार्थक कर दिया।
नीट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाली नीलू की शुरुआती शिक्षा स्टडी हॉल एजुकेशनल फाउंडेशन (SHEF) के प्रेरणा गर्ल्स स्कूल से हुई। पढ़ाई के प्रति उसकी लगन और लगातार बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए कक्षा 11 में उसे स्टडी हॉल स्कूल की छात्रवृत्ति मिली।
इसके बाद नीलू ने सीबीएसई बोर्ड की पढ़ाई के साथ-साथ नीट परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी। सीमित संसाधनों के बावजूद उसने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर सफलता हासिल की।
नीलू की कहानी बताती है कि परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, मेहनत और सही अवसर मिलने पर प्रतिभा अपनी पहचान जरूर बनाती है। मां के संघर्ष और बेटी की लगन ने मिलकर एक ऐसी सफलता की मिसाल पेश की है, जो कई विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।NEETResult #LucknowNews #InspiringStory #GirlPower #MedicalAspirant #SuccessStory




