हिमाचल में भारी बारिश का कहर, चंबा में भूस्खलन से दो प्रमुख मार्ग बंद; यातायात प्रभावित

हिमाचल प्रदेश में मानसून की तेज बारिश के बीच चंबा जिले में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। भारी बारिश के कारण चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर दो स्थानों बत्ती की हट्टी और दुर्गेठी में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है।

पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर गिरने के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। इसके अलावा लाहड़ू-सिहुंता मार्ग पर पनियाले वाली माता मंदिर के पास भी पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे मार्ग बंद हो गया।

मलबा हटाने में जुटी टीमें

भूस्खलन के बाद दोनों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रुक गई है। सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा होने के कारण मार्ग खोलने में समय लग सकता है। स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई हैं।

प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतें।
#HimachalPradesh #ChambaNews #Landslide #MonsoonAlert #HeavyRain #HimachalWeather

Leave a Comment

शहर चुनें