गुन्नौर में सरकारी जमीन आवंटन फर्जीवाड़े का मामला, 17 लोगों पर FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के संभल जिले की गुन्नौर तहसील में सरकारी कृषि भूमि के आवंटन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का एक और बड़ा मामला सामने आया है। एडीएम न्यायिक सौरव कुमार पांडेय की जांच रिपोर्ट जिलााधिकारी अंकित खंडेलवाल को सौंपे जाने के बाद राजस्व विभाग की शिकायत पर पुलिस ने 17 नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले में राजस्व निरीक्षक क्षेत्र बबराला नदीम अहमद की तहरीर के आधार पर गुन्नौर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की विवेचना कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के अनुसार वर्ष 1987 से 2011 के बीच ग्राम होतमगढ़ी, बिचपुरी सैलाव, गुन्नौर हीरापुर, रसूलपुर और हुसैनपुर सैलाव में करीब 20 कृषि आवंटन पत्रावलियों के जरिए श्रेणी-6 की सरकारी भूमि का कथित रूप से फर्जी तरीके से आवंटन कराया गया।

आरोप है कि तत्कालीन राजस्व एवं चकबंदी अधिकारियों को गुमराह कर धर्मपाल सिंह ने सरकारी भूमि का आवंटन अपने परिवार के कई सदस्यों और कुछ कथित बेनामी व्यक्तियों के नाम दर्ज करा लिया। शिकायत के मुताबिक, इनमें उनकी दोनों पत्नियां, तीन पुत्र, दो पुत्रियां, तीन पुत्रवधुएं, तीन भाई, तीन भतीजे तथा अन्य कथित बेनामी व्यक्ति शामिल हैं।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जिस श्रेणी-6 की सरकारी भूमि का आवंटन कराया गया, उस पर संक्रमणीय अधिकार उत्पन्न नहीं हो सकते थे। इसके बावजूद नियमों के विपरीत नाम दर्ज कराने का कथित प्रयास किया गया।

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अब पुलिस पूरे मामले के तथ्यों की गहन जांच कर रही है। विवेचना पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।#Sambhal #Gunnaur #LandScam #GovernmentLand #UPPolice #RevenueDepartment #FIR #UttarPradesh #BreakingNews #CrimeNews

Leave a Comment

शहर चुनें