पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ के हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज के समीप निर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का विधिवत लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री एवं लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे।
यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल न केवल अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को समर्पित है, बल्कि यह शहर के लिए एक ऐतिहासिक बदलाव का प्रतीक भी बनकर सामने आया है। जिस स्थान पर आज यह भव्य स्मारक खड़ा है, वह कभी लखनऊ के सबसे दुर्गंधयुक्त और उपेक्षित इलाकों में गिना जाता था।
कभी हालात ऐसे थे कि यहां कूड़े के ढेर से उठती बदबू के कारण एक सेकेंड तक रुक पाना मुश्किल था। सड़क से गुजरते वक्त लोग लगभग एक किलोमीटर पहले ही नाक ढकने को मजबूर हो जाते थे और वाहनों के शीशे बंद कर लिए जाते थे। इस स्थल पर प्रतिदिन शहर के विभिन्न मोहल्लों से लगभग 1200 मीट्रिक टन कचरा लाकर डाला जाता था।
समय के साथ यह इलाका ‘घैला का कूड़ा स्थल’ के नाम से कुख्यात हो गया था। यह भूमि मूल रूप से घैला गांव की थी, लेकिन वर्षों तक यहां कचरे का अंबार लगा रहा। अब इस स्थान की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है और कूड़े के ढेर की जगह राष्ट्र प्रेरणा स्थल ने ले ली है, जो स्वच्छता, विकास और स्मृति-संरक्षण का सशक्त उदाहरण बन गया है।
#AtalBihariVajpayee
#RashtriyaPrernaSthal
#PMModi
#LucknowNews
#UttarPradesh
#YogiAdityanath
#RajnathSingh
#UrbanDevelopment
#SwachhBharat
#AtalJayanti