बिहार के छपरा में एक बेहद दुखद हादसे में अपर जिला सहकारी अधिकारी (ADCO) विजय कुमार के दो मासूम बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना उस समय हुई, जब पूरा परिवार ससुराल में ठहरा हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार, एडीसीओ विजय कुमार मूल रूप से बक्सर जिले के निवासी हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के पिंडरा क्षेत्र में तैनात हैं। हादसे के वक्त वे अपने ससुराल छपरा आए हुए थे।
बताया गया कि परिवार के सभी सदस्य एक कमरे में सो रहे थे। कमरे में विजय कुमार की पत्नी अंजलि अपने तीन वर्षीय बेटे तेजस और सात माह की बेटी गुड़िया के साथ सोई हुई थीं। उसी कमरे में अंजलि की मां कमलावती, उनका एक भाई, एक बहन और बहन का चार वर्षीय बेटा अध्याय भी मौजूद था।
सुबह जब परिजनों ने कमरे में मौजूद लोगों को नहीं जगते देखा, तो घटना का पता चला। इस दौरान तीन वर्षीय तेजस और सात माह की गुड़िया की दम घुटने से मौत हो चुकी थी, जबकि अंजलि की हालत गंभीर पाई गई। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।