जिले में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR) का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अभियान के समापन के बाद कुल 90,937 मतदाताओं को एएसडी श्रेणी (अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत) में चिन्हित किया गया है, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं को अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाना है, उन्हें अब फार्म-6 भरकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा करना होगा। फार्म में आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने के बाद ही नाम को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, एसआईआर अभियान की शुरुआत 4 नवंबर को हुई थी, जिसे दो बार तिथियां बढ़ाकर 26 दिसंबर तक चलाया गया। इस दौरान जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 899 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की तैनाती कर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
एसआईआर के तहत जिले में पंजीकृत कुल 8,39,731 मतदाताओं का सत्यापन किया गया, जिसमें से 90,937 मतदाता एएसडी श्रेणी में पाए गए। इनमें हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के 48,976 और राठ विधानसभा क्षेत्र के 41,961 मतदाता शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, इन सभी के नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे।
इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद 31 दिसंबर को जिले की अद्यतन मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
#SIRCampaign #VoterListUpdate #ElectoralRoll #ASDVoters #Form6 #ElectionCommission #DistrictNews