सोनवा क्षेत्र में युवक की संदिग्ध हालात में मौत, उल्टी की शिकायत पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती

सोनवा क्षेत्र के लक्ष्मननगर गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उल्टी की शिकायत के बाद परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल बहराइच लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मृतक की पहचान प्रमुख, निवासी लक्ष्मननगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार एक जनवरी को प्रमुख अपनी पत्नी के साथ सोनवा क्षेत्र के कठौतिया गांव स्थित ससुराल गए थे। वहां किसी बात को लेकर दंपती के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवक शाम के समय ससुराल से अपने घर लौट आया।

घर पहुंचने के बाद प्रमुख ने मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और बरामदे में लेट गया। देर रात अचानक उसके जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले लोगों ने दूसरे मकान की छत के सहारे उसके घर के आंगन में उतरकर देखा, जहां प्रमुख बरामदे में पड़ा हुआ था और लगातार उल्टियां कर रहा था।

परिजन और पड़ोसियों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल बहराइच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।#BahraichNews #SuspiciousDeath #Sonwa #UPNews #YouthDeath #LocalNews #DistrictHospital #BreakingNews

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें