मेरठ कॉलेज के डॉ. रामकुमार गुप्ता सेमिनार हॉल में रविवार सुबह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के बीएड द्वितीय वर्ष की 12 दिवसीय ऑफलाइन कार्यशाला की विधिवत शुरुआत हुई। इस कार्यशाला में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के 27 जनपदों से आए बीएड छात्र-शिक्षक सहभागिता कर रहे हैं।
कार्यशाला में शामिल अधिकांश प्रतिभागी केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत हैं। विभिन्न राज्यों और जिलों से आए शिक्षकों की भागीदारी के चलते यह कार्यशाला एक प्रकार से लघु उत्तर प्रदेश का स्वरूप प्रस्तुत कर रही है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मेरठ कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रोफेसर चंद्रशेखर भारद्वाज, शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मीनाक्षी शर्मा, प्रोफेसर सुधीर कुमार पुंडीर तथा इग्नू बीएड कार्यक्रम संयोजक एवं असिस्टेंट को-ऑर्डिनेटर प्रोफेसर संजय कुमार त्यागी ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की ऑफलाइन कार्यशालाएं शिक्षकों के व्यावहारिक प्रशिक्षण, शिक्षण कौशल के उन्नयन और समकालीन शिक्षा पद्धतियों की समझ को सुदृढ़ करती हैं। कार्यशाला के दौरान शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, मूल्यांकन प्रणाली और नवाचार आधारित शिक्षण पर केंद्रित सत्र आयोजित किए जाएंगे।#IGNOU #BEdWorkshop #MeerutCollege #TeacherTraining #EducationNews #IGNOUBEd #OfflineWorkshop #UPEducation