रेलवे स्टेशन रोड से 50 लाख रुपये नकद के साथ पकड़े गए एक दुकानदार के मामले ने सीमावर्ती कस्बा नौतनवा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अस्पताल चौराहे के जायसवाल मोहल्ले में स्थित बिना किसी बोर्ड की महज आठ बाई 12 फीट की छोटी दुकान से बड़े पैमाने पर नकदी का लेन-देन किया जा रहा था।
जैसे ही इस मामले में नौतनवा का कनेक्शन सामने आया, जांच एजेंसियां सतर्क हो गईं। एजेंसियों ने नौतनवा को नेपाल से जुड़े संभावित हवाला नेटवर्क का एक अहम ट्रांजिट हब मानते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। बताया जा रहा है कि हवाला लेन-देन का रूट नौतनवा से सीधे नेपाल सीमा की ओर जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, सीमावर्ती होने के कारण यह इलाका लंबे समय से संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों के लिए अनुकूल माना जाता रहा है। अब 50 लाख रुपये की नकदी बरामदगी के बाद इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने की कोशिश तेज कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस दुकान के जरिए अब तक कितनी राशि का अवैध लेन-देन किया गया और इसके पीछे किन-किन लोगों का हाथ है।
मामले ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यह प्रकरण सीमा पार अवैध आर्थिक गतिविधियों की ओर इशारा करता है।#Nautanwa
#HawalaNetwork
#NepalBorder
#CashSeizure
#BorderCrime
#UPNews
#EconomicCrime
#BreakingNews