आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की 200 करोड़ रुपये की लागत से बनी आठ मंजिला सुपरस्पेशियलिटी बिल्डिंग में दरार पड़ने का मामला सामने आया है। बिल्डिंग में करीब एक फीट गहरी दरार दिखाई दी है। वर्ष 2019 में शुरू हुए इस निर्माण का लोकार्पण मात्र 16 माह पहले ही किया गया था।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार ने इस दरार का वीडियो जारी कर निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने तत्काल मरम्मत का काम कराया।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में रामनाथ सिकरवार दरार में लोहे की छड़ डालते हुए नजर आ रहे हैं। वह आरोप लगाते हैं कि यहां बड़े अधिकारी आते हैं, लेकिन किसी ने इस खामी पर ध्यान नहीं दिया। वीडियो बनाने के दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन सिकरवार कहते हैं कि उन्हें कोई रोक नहीं सकता।
#आगरा #एसएनमेडिकलकॉलेज #सुपरस्पेशियलिटीबिल्डिंग #निर्माणगुणवत्ता #ब्रेकिंगन्यूज़