धनबाद नगर निगम चुनाव: जेएलकेएम ने मेयर पद के उम्मीदवार की घोषणा

धनबाद नगर निगम (DMC) चुनाव को लेकर शहर का राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। इसी क्रम में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने मेयर पद के लिए अपने उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया है। पार्टी ने ऐलान किया है कि वह इस चुनाव को पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।

धनबाद परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जेएलकेएम के केंद्रीय प्रवक्ता सुशील मंडल ने मेयर पद के लिए पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता प्रकाश महतो के नाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी की चुनावी रणनीति कार्यकर्ताओं और जनता की मांग के अनुरूप तय की जा रही है। जहां संगठन मजबूत होगा और कार्यकर्ताओं की मांग रहेगी, वहां वार्ड पार्षद पद के लिए भी पार्टी समर्थित उम्मीदवार उतारे जाएंगे।

सुशील मंडल ने स्पष्ट किया कि नगर निगम चुनाव में पार्टी जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता देगी। साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट और पारदर्शिता जैसे विषय चुनावी एजेंडे में शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि धनबाद की जनता एक ईमानदार और मजबूत विकल्प चाहती है और जेएलकेएम उस भरोसे पर खरा उतरेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि नगर निगम में जनता की आवाज को मजबूती से रखना है। संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और जल्द ही वार्ड स्तर पर बैठकों का दौर तेज होगा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष शक्ति नाथ महतो समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गौरतलब है कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना 27 जनवरी को जारी होने की संभावना है और फरवरी के अंत तक चुनाव संपन्न हो सकते हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा शुरू होने से चुनावी सरगर्मी लगातार बढ़ रही है।

#धनबादचुनाव #JLKM #मेयरउम्मीदवार #नगरनिगमचुनाव #झारखंडराजनीति

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें