शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित इनामुल्ला बिल्डिंग पर वर्षों से जारी अतिक्रमण और अनधिकृत कब्जे अब केवल प्रशासनिक चुनौती नहीं रहे, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। बुधवार को हिंदू रक्षा दल ने जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए बिल्डिंग से तत्काल अतिक्रमण हटाने और क्षेत्र में ठोस कार्रवाई की मांग की।
संगठन का आरोप है कि इनामुल्ला बिल्डिंग परिसर और उसके आसपास बिना वैधानिक अनुमति के किए गए कब्जे, अस्थायी निर्माण और अनियंत्रित गतिविधियां लगातार माहौल बिगाड़ रही हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इलाका धीरे-धीरे असामाजिक तत्वों का केंद्र बनता जा रहा है, जिससे परिवारों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। संगठन ने प्रशासन को अवगत कराया कि बिल्डिंग के समीप से गुजरने वाला मार्ग अब महिलाओं और छात्राओं के लिए असुरक्षित हो गया है। खासकर शाम के समय संदिग्ध लोगों की आवाजाही से हालात और चिंताजनक हो जाते हैं। शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
लंबे समय से कब्जे, प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल इनामुल्ला बिल्डिंग क्षेत्र में सार्वजनिक और निजी भूमि पर अवैध कब्जे लंबे समय से बने हुए हैं। बिना अनुमति बनाए गए ढांचे, अनधिकृत आवास-दुकान और नियमों की अनदेखी कर संचालित गतिविधियों ने पूरे इलाके को संवेदनशील बना दिया है। हिंदू रक्षा दल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शुरुआती स्तर पर ही अतिक्रमण हटाया गया होता, तो हालात इतने गंभीर नहीं होते।
कब्जे नहीं हटे तो आंदोलन की चेतावनी संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इनामुल्ला बिल्डिंग से अवैध कब्जे नहीं हटाए गए और क्षेत्र में पुलिस गश्त तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया, तो हिंदू रक्षा दल जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगा। संगठन ने कहा कि मातृशक्ति की सुरक्षा सर्वोपरि है और समाज में भय का वातावरण पैदा करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ललित शर्मा, संध्या राजपूत, श्रृद्धा ठाकुर, मनोज खैरवाल, सागर राजपूत, योगेश चौधरी, राजीव कुमार और संजीव कुकरेजा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
#इनामुल्लाबिल्डिंग #अतिक्रमणविवाद #हिंदूरक्षादल #कानूनव्यवस्था #महिलासुरक्षा