भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से सटे जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के सीमावर्ती गांव नौशहरा में पली-बढ़ी सिमरन बाला बचपन से ही देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रही हैं। सीमा पार से पाकिस्तान की साजिशें और निहत्थे ग्रामीणों पर होने वाली अकारण गोलीबारी ने उनके मन में देश की सेवा का संकल्प और भी मजबूत किया।
अपने लक्ष्य और जज्बे के बल पर सिमरन ने देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सहायक कमांडेंट का पद हासिल किया। अब वह इतिहास रचने जा रही हैं। इस बार दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में सिमरन बाला सीआरपीएफ के 140 से अधिक पुरुष जवानों की टुकड़ी की कमान संभालेंगी।
यह पहली बार होगा जब कोई महिला अधिकारी पुरुष दस्ते का नेतृत्व करेगी। सिमरन की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि उन लाखों बेटियों के सपनों को भी नई उड़ान देगी जो देश की रक्षा के लिए बंदूक थामने का सपना देखती हैं।
सिमरन की सफलता भारतीय सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियों में भी संकल्प और मेहनत से असंभव को संभव बनाया जा सकता है।
#SimranBala #CRPF #RepublicDay2026 #WomenEmpowerment #Rajouri