बिजुआ में बड़ा हादसा टला: जर्जर मकान का लिंटर गिरा, छज्जे में अटकने से परिवार बचा

भीरा थाना क्षेत्र के कस्बा बिजुआ में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक पुराने और जर्जर मकान का लिंटर अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। गनीमत यह रही कि गिरा हुआ लिंटर मकान के नीचे बने छज्जे पर अटक गया, जिससे नीचे सो रहा पूरा परिवार बाल-बाल बच गया।

यह हादसा देर रात करीब बारह बजे हुआ, जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ लिंटर टूटकर नीचे आ गिरा, जिससे घर के भीतर अफरा-तफरी मच गई और परिवार के सदस्य दहशत में आ गए।

मकान मालिक विमल कुमार ने बताया कि उनका मकान काफी पुराना है और लंबे समय से जर्जर हालत में बना हुआ था। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह मकान की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं करवा पा रहे थे। रोज़ की तरह घटना वाली रात भी वह अपनी मां कमला देवी और बड़े भाई कन्हैया लाल के साथ मकान के नीचे ही सो रहे थे।

लिंटर गिरने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार की कुशलता जानने में जुट गए। इस घटना के बाद इलाके में पुराने और जर्जर मकानों की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते ऐसे मकानों की जांच और मरम्मत कराना बेहद ज़रूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।#BheeraNews
#Bijuwa
#LocalNews
#BuildingCollapse
#LinterCollapse
#AccidentNews
#UttarPradesh
#BreakingNews

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें