कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गंभीर आरोप लगाते हुए गोरखनाथ मठ में आने वाले चढ़ावे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने से पहले और मुख्यमंत्री बनने के बाद गोरखनाथ मठ में कितनी धनराशि और संपत्ति चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई, इसकी विस्तृत जांच होनी चाहिए।
अजय राय ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में मठ में नकद धन के बजाय सोने के चढ़ावे की परंपरा बढ़ी है, जिसे लेकर पारदर्शिता जरूरी है। उनका कहना था कि जिस तरह सरकार अन्य संस्थानों की फंडिंग की जांच कर रही है, उसी तरह धार्मिक संस्थानों के चढ़ावे की भी समीक्षा होनी चाहिए।
शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में मदरसों की फंडिंग की जांच के निर्देश दिए हैं। ऐसे में गोरखनाथ मंदिर में आने वाले चढ़ावे की जांच कराना भी समान रूप से जरूरी है, ताकि सभी के लिए एक समान नियम लागू हों।
अजय राय ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के सामने झुक चुके हैं, जिसके कारण देश की जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की नीतियों का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है और जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
कांग्रेस नेता के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।#गोरखनाथ #अजयराय #योगीआदित्यनाथ #राजनीति #चढ़ावा #उत्तरप्रदेश