डिलीवरी के बाद तेज सिरदर्द क्यों होता है? पोस्टपार्टम माइग्रेन को न करें नजरअंदाज

मां बनना हर महिला के जीवन का सबसे सुखद और भावनात्मक अनुभव होता है, लेकिन प्रसव के बाद शरीर और मन दोनों को कई तरह के बदलावों से गुजरना पड़ता है। यह बदलाव केवल थकान या कमजोरी तक सीमित नहीं होते, बल्कि कई बार गंभीर शारीरिक समस्याओं का कारण भी बन सकते हैं। इन्हीं में से एक है डिलीवरी के बाद होने वाला तेज सिरदर्द, जिसे मेडिकल भाषा में पोस्टपार्टम माइग्रेन कहा जाता है।

अक्सर महिलाएं इस सिरदर्द को सामान्य थकान, नींद की कमी या हार्मोनल बदलाव मानकर नजरअंदाज कर देती हैं। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार या तेज सिरदर्द को हल्के में लेना नुकसानदायक हो सकता है। समय रहते इसकी पहचान और सही मैनेजमेंट बेहद जरूरी है।

डॉ. मानसी कुमार, सीनियर कंसल्टेंट (ऑब्स्ट्रेटिक्स एंड गायनेकोलॉजी), अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद के अनुसार, पोस्टपार्टम माइग्रेन का सीधा संबंध हार्मोनल उतार-चढ़ाव, नींद की कमी, डिहाइड्रेशन, तनाव और शरीर में पोषण की कमी से होता है। डिलीवरी के बाद एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर तेजी से गिरता है, जिससे माइग्रेन की समस्या ट्रिगर हो सकती है।

कुछ मामलों में यह सिरदर्द इतना तेज होता है कि महिला को रोशनी, आवाज और हलचल से भी परेशानी होने लगती है। अगर सिरदर्द के साथ उल्टी, धुंधला दिखना, चक्कर आना या ब्लड प्रेशर बढ़ने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

विशेषज्ञों के अनुसार, पोस्टपार्टम माइग्रेन को कंट्रोल करने के लिए पर्याप्त आराम, संतुलित आहार, पर्याप्त पानी पीना और तनाव को कम करना बेहद अहम है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से सुरक्षित दवाएं भी दी जा सकती हैं, खासकर उन महिलाओं के लिए जो स्तनपान करा रही हों।

कुल मिलाकर, डिलीवरी के बाद होने वाले तेज सिरदर्द को सामान्य मानकर टालना सही नहीं है। सही समय पर पहचान और इलाज से इस समस्या को आसानी से मैनेज किया जा सकता है और नई मां अपने और बच्चे दोनों की बेहतर देखभाल कर सकती है।
#PostpartumMigraine #महिलाओंकीसेहत #डिलीवरीकेबाद #माइग्रेन #MotherCare #HealthNews

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें