जिला एवं सत्र न्यायालय को फिर बम धमकी, C4 RDX से उड़ाने की चेतावनी

शहर के जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को मिले धमकी भरे ईमेल के बाद अभी जांच की प्रक्रिया पूरी भी नहीं हो पाई थी कि मंगलवार सुबह एक और ईमेल ने प्रशासनिक और न्यायिक तंत्र में खलबली मचा दी।

जानकारी के अनुसार, जिला जज के आधिकारिक ईमेल पते पर सुबह 7:11 बजे एक संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में C4 RDX से बने बम पहले ही लगाए जा चुके हैं और सुबह 11:15 बजे विस्फोट किया जाएगा। संदेश मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तत्काल प्रभाव से न्यायालय परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। परिसर के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है।

ईमेल में हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन Liberation Tigers of Tamil Eelam (LTTE) और Inter-Services Intelligence (ISI) द्वारा लिए जाने का दावा भी किया गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारी इस दावे की सत्यता की पुष्टि किए बिना तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग के जरिए ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।

इससे पहले सोमवार को भी जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर इसी प्रकार का धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। उस दिन भी न्यायालय में हड़कंप की स्थिति बन गई थी। आधे दिन तक न्यायिक कार्य प्रभावित रहा और भारी पुलिस बल ने परिसर की तलाशी ली थी।

लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि ईमेल की तकनीकी जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। साथ ही आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सुरागों के आधार पर प्रेषक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और न्यायालय परिसर की निगरानी बढ़ा दी गई है।#CourtBombThreat
#DistrictCourt
#BombThreatEmail
#SecurityAlert
#PoliceInvestigation
#BreakingNews
#CyberInvestigation
#RDXThreat
#LawAndOrder

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें