हल्द्वानी। होली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग एक्शन मोड में आ गया है। रामपुर रोड स्थित बेलबाबा चेकपोस्ट पर प्रवर्तन टीम ने बाहरी क्षेत्रों से खाद्य सामग्री लेकर आने वाले 24 से अधिक वाहनों का सघन निरीक्षण किया।
दो कारोबारियों को नोटिस
जांच के दौरान खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्राविधानों का उल्लंघन पाए जाने पर दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान दुग्ध उत्पाद, नमकीन, आटा, आइस कैंडी, अरहर दाल और उड़द दाल सहित छह खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, यदि नमूनों की जांच रिपोर्ट मानक के अनुरूप नहीं पाई गई, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सक्षम न्यायालय में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों पर बढ़ाई जाती है निगरानी
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विभाग ने विशेष अभियान चलाकर बाजार और चेकपोस्ट पर निगरानी तेज कर दी है।#FoodSafety #HoliCheck #HaldwaniNews #FoodInspection #FestivalAlert