पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। चाईबासा पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गिरोह के सक्रिय सदस्य समीर अंसारी उर्फ नसरू को गिरफ्तार कर लिया है।
समीर पर अक्टूबर 2024 में चाईबासा मंडल कारा (जेल) के गेट पर फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोप है। घटना 6 अक्टूबर 2024 की है, जब चाईबासा मंडल कारा के मुख्य द्वार पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।
उस वक्त कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू इसी जेल में बंद था। पुलिस के अनुसार, जेल के भीतर और बाहर अमन साहू के नाम का खौफ पैदा करने और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रेनू के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के जरिए अपराधियों का सुराग लगाया। सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी समीर अंसारी पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
- बरामदगी: पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
- आपराधिक इतिहास: समीर अंसारी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह सुजीत सिन्हा गिरोह के लिए काम करता था।
तीन अन्य सहयोगियों की पहचान
पूछताछ के दौरान समीर ने जेल गेट फायरिंग में शामिल अपने तीन अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।