पश्चिम चंपारण में लापता किशोरी की हत्या, गन्ने के खेत से मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र में लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव गन्ने के खेत से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान डीके शिकारपुर निवासी रितेश सहनी की पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

20 जून से थी लापता

पुलिस के अनुसार खुशी कुमारी 20 जून की सुबह अपनी एक सहेली के साथ घर से निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रविवार को शिकारपुर थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।

गन्ने के खेत में मिला शव

इसी दौरान अमवा टोला के समीप गन्ने के खेत में एक किशोरी का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में परिजनों ने शव की पहचान खुशी कुमारी के रूप में की।एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच तेज कर दी है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतका की मां अमृता देवी ने बताया कि खुशी जिस सहेली के साथ घर से निकली थी, पुलिस उससे और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोचिंग आने-जाने के दौरान एक युवक उनकी बेटी को परेशान करता था। बेटी ने उसका विरोध किया था। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

शहर चुनें