जिले की पीपराकोठी पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान ले जाई जा रही एक महिला को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
इस दौरान पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में मानव तस्करी की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना पर छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग महिलाओं को बहला-फुसलाकर और प्रलोभन देकर बिहार से राजस्थान ले जाने की तैयारी में हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद महिला पुलिस पदाधिकारी की मौजूदगी में शनिवार शाम पीपराकोठी चौक पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान एक महिला को मुक्त कराया गया और गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो महिलाओं समेत पांच दबोचे गए
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुनीता पांडेय (32), नीतू कुमारी (30), खातून (35), मुरली मेघवाल (27) और अजय कुमार (21) के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी राजस्थान के झुंझुनू जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
लालच देकर खिलाया नशीला पदार्थ
मुक्त कराई गई महिला संजू देवी (28) ने पुलिस को बताया कि उसे पैसों का लालच दिया गया और नशीला पदार्थ खिलाकर राजस्थान ले जाया जा रहा था। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मानव तस्करी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।पांच मोबाइल जब्त, नेटवर्क की जांच शुरू
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से वीवो, ओप्पो, आईटेल, मोटो और एमआई कंपनी के पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पुलिस पदाधिकारी शशिभूषण कुमार, सिमराजश्री, संतोष कुमार जायसवाल तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता भी खंगाली जा रही है।





