रवींद्र जायसवाल ने बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में निबंधन विभाग के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 10 जिलों में नए निबंधन कार्यालय भवनों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन भवनों के निर्माण पर कुल 23.98 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
परियोजना के तहत मोहनलालगंज, कप्तानगंज और हसनपुर स्थित उप निबंधन कार्यालयों के लिए नए भवनों का निर्माण कराया जाएगा।
इसके अलावा सीतापुर में उप महानिरीक्षक एवं सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय तथा न्यायालय भवन के निर्माण कार्य की भी शुरुआत की गई। वहीं झांसी, मुरादाबाद, गोंडा और हरदोई के सदर निबंधन कार्यालयों के नए भवनों के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़े कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही निबंधन विभाग के अधिकारियों को भी परियोजनाओं की नियमित निगरानी, स्थलीय निरीक्षण और निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।