भाजपा जल्द नियुक्त कर सकती है नया प्रदेश प्रभारी, संगठन को मजबूत करने पर फोकस

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। हाल ही में केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद अब पार्टी की नजर नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति पर है। माना जा रहा है कि भाजपा जल्द ही पंजाब इकाई के लिए नए प्रभारी के नाम का एलान कर सकती है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी ऐसे वरिष्ठ नेता को सौंपी जा सकती है, जिसे चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कार्य का व्यापक अनुभव हो। यह भी माना जा रहा है कि नियुक्ति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भरोसेमंद नेताओं को प्राथमिकता मिल सकती है।

पंजाब भाजपा पिछले लगभग 13 महीनों से स्थायी प्रदेश प्रभारी के बिना काम कर रही है। पिछले वर्ष 12 जून को हुए एयर इंडिया विमान हादसे में तत्कालीन पंजाब प्रभारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था।

विजय रूपाणी को सितंबर 2022 में पंजाब भाजपा का प्रभारी बनाया गया था। उनके निधन के बाद से पार्टी बिना स्थायी प्रभारी के संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन कर रही है। अब आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी इस महत्वपूर्ण पद पर जल्द नियुक्ति कर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने की तैयारी में है।PunjabBJP #PunjabElection2027 #BJP #AmitShah #PunjabPolitics #PoliticalNews #Election2027 #IndiaPolitics #BreakingNews #Punjab

Leave a Comment

शहर चुनें