एक अगस्त से प्रस्तावित नए सर्किल रेट लागू होने से पहले संपत्ति की रजिस्ट्रियों में तेजी देखने को मिल रही है। बढ़ी हुई दरों के लागू होने से पहले लोग मकान, प्लॉट, फ्लैट और दुकानों के बैनामे कराने के लिए बड़ी संख्या में उप निबंधक कार्यालय पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक रजिस्ट्रियां सदर तहसील में दर्ज की जा रही हैं।
नई सर्किल रेट व्यवस्था लागू होने के बाद सिविल लाइंस, अशोक नगर, जार्जटाउन, टैगोर टाउन, चर्चलेन, मम्फोर्डगंज, बलरामपुर हाउस समेत शहर के कई पॉश इलाकों में संपत्तियों का सर्किल रेट बढ़ जाएगा। इसी वजह से खरीदार और विक्रेता मौजूदा दरों पर ही रजिस्ट्री कराने में जुटे हुए हैं।
पिछले एक सप्ताह के दौरान जिले में मकान, दुकान, प्लॉट और फ्लैट के बैनामों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। सभी उप निबंधक कार्यालयों में सुबह से ही रजिस्ट्री कराने वालों की लंबी कतारें लग रही हैं और देर शाम तक लोगों की भीड़ बनी रहती है।
सबसे अधिक दबाव सदर तहसील के दोनों उप निबंधक कार्यालयों पर देखा जा रहा है, जहां अन्य तहसीलों की तुलना में सबसे ज्यादा बैनामे दर्ज किए गए हैं। माना जा रहा है कि एक अगस्त से नई दरें लागू होने तक रजिस्ट्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है।CircleRate #PropertyRegistration #RealEstate #Registry #PropertyNews #RealEstateUpdate #LandRegistration #BreakingNews #CityNews #PropertyMarket