कांवड़ मेला 2026 की तैयारियां तेज, डीएम और एसएसपी ने कांवड़ पटरी मार्ग का किया निरीक्षण

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले को देखते हुए प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुट गया है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को शंकराचार्य चौक से रुड़की तक कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शंकराचार्य चौक, ऋषिकुल पुल, प्रेमनगर चौक, सिंहद्वार, आर्यनगर चौक, दुर्गा चौक, लाल पुल, जटवाड़ा पुल, बहादराबाद और रुड़की तक कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण किया।

इस दौरान निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन घाटों के आसपास सुरक्षा दीवार नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तत्काल बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और कांवड़ मेले के दौरान बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।#KanwarYatra2026 #KanwarMela #Haridwar #UttarakhandNews #DistrictAdministration #KawadMela #DevoteesSafety #HindiNews

Leave a Comment

शहर चुनें