ओम प्रकाश राजभर ने जौहर यूनिवर्सिटी मामले में अखिलेश यादव पर साधा निशाना, बोले- अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर

सुभासपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा, “प्रिय अखिलेश जी, ये डबल इंजन की सरकार है, अवैध मकानों पर बुलडोजर चलेगा ही। उम्मीद है कि इस पर आप बेचैन जरूर होंगे।”

उन्होंने आगे जौहर यूनिवर्सिटी मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जब कानून अपना काम कर रहा है तो उम्मीद है कि अखिलेश यादव को इस पर भी चिंता हो रही होगी। राजभर ने सवाल उठाया कि जिस जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण सपा सरकार के कार्यकाल में हुआ, उसमें लगी अरबों रुपये की जमीन किसकी थी।

राजभर ने आरोप लगाया कि जमीन सरकार की थी और आजम खान ने उस पर अवैध यूनिवर्सिटी खड़ी की। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल किया गया और बाद में आजम खान ने ट्रस्ट बनाया।

बता दें कि ओम प्रकाश राजभर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया के जरिए अखिलेश यादव पर लगातार राजनीतिक निशाना साध रहे हैं। जौहर यूनिवर्सिटी का मामला भी प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है।


#OmPrakashRajbhar #AkhileshYadav #JoharUniversity #UPPolitics #AzamKhan #UttarPradeshNews #PoliticalNews

Leave a Comment

शहर चुनें