नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने ‘एक राष्ट्र, एक समय’ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘व्हाइट रैबिट’ सटीक समय निर्धारण प्रौद्योगिकी पर आधारित डेमोस्ट्रेशन नेटवर्क की शुरुआत की है। सरकार के अनुसार, यह नेटवर्क पूरे देश में नैनोसेकंड से भी कम स्तर की सटीकता के साथ समय उपलब्ध कराने में सक्षम होगा।
इस अत्याधुनिक नेटवर्क का उद्देश्य वित्त, दूरसंचार और रक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सटीक समय समन्वय सुनिश्चित करना है। इसके लागू होने से इन क्षेत्रों की विदेशी जीपीएस आधारित समय प्रणालियों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
‘व्हाइट रैबिट’ तकनीक एक उन्नत समय समन्वय प्रणाली है, जिसका मुख्य लक्ष्य हजारों आपस में जुड़े उपकरणों के बीच नैनोसेकंड से भी कम समय अंतर के साथ सटीक तालमेल स्थापित करना है। यह तकनीक हाई-स्पीड संचार, साइबर सुरक्षा, वित्तीय लेनदेन और रणनीतिक सेवाओं जैसे क्षेत्रों में बेहतर समन्वय प्रदान कर सकती है।
केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पिछले सप्ताह बेंगलुरु स्थित रीजनल रेफरेंस स्टैंडर्ड लैबोरेटरी (आरआरएसएल) में इस नेटवर्क का शुभारंभ किया था।
सरकार का मानना है कि यह पहल देश में स्वदेशी समय निर्धारण क्षमता को मजबूत करेगी और अत्यधिक सटीक समय की जरूरत वाले क्षेत्रों के लिए एक भरोसेमंद घरेलू समाधान उपलब्ध कराएगी।WhiteRabbitTechnology #OneNationOneTime #भारतकीतकनीक #PrecisionTiming #DigitalIndia




