स्कूल से लौट रही छठी की छात्रा से ऑटो चालक ने की अश्लील हरकत, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी

गोरखपुर: शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता सामने आई है। चिलुआताल थाना क्षेत्र में कक्षा छह में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ स्कूल से घर लौटते समय ऑटो चालक द्वारा कथित तौर पर छेड़छाड़ किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि चालक छात्रा को सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ अशोभनीय हरकत की।

पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। डरी-सहमी छात्रा किसी तरह घर पहुंची और अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर गुलरिहा थाना पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, स्पोर्ट्स कॉलेज क्षेत्र के पास रहने वाली छात्रा शहर के एक निजी विद्यालय में कक्षा छह की पढ़ाई करती है। वह प्रतिदिन अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा ऑटो से स्कूल आती-जाती है। आरोप है कि शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो चालक प्रदीप पहले सभी अन्य बच्चों को उनके घर छोड़ता गया और इसके बाद छात्रा को अकेले लेकर आगे बढ़ गया, जहां कथित रूप से उसने वारदात को अंजाम दिया।

Leave a Comment

शहर चुनें